लखीमपुर खीरी। गढ़ी उपकेंद्र के दुर्बल आश्रम के पास लगे मोबाइल ट्रॉली ट्रांसफाॅर्मर में शनिवार रात करीब 12 बजे एक वाहन ने टक्कर मार दी। तेज धमाके के साथ ट्रॉली पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
गनीमत रही कि वाहन करंट की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना पर पहुंचे विद्युत कर्मियों ने रात में ही हाइड्रा की मदद से दूसरा ट्रांसफाॅर्मर रखा और सुबह करीब पांच बजे आपूर्ति बहाल की। पांच घंटे बिजली न मिलने से उपभोक्ताओं को परेशानी हुई।
दुर्बल आश्रम के पास पहले से लगे ट्रांसफाॅर्मर में तकनीकी खामी आने के कारण उपभोक्ताओं को आपूर्ति देने के लिए मोबाइल ट्रॉली ट्रांसफाॅर्मर लगाया गया था। गढ़ी उपकेंद्र के जेई संदीप कुमार ने बताया कि टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। वाहन नंबर के आधार पर कोतवाली में तहरीर दी गई।
इधर, कलक्ट्रेट उपकेंद्र से अनुरक्षण कार्य के लिए सुबह छह से नौ बजे तक तीन घंटे की कटौती का रोस्टर जारी किया गया था। इससे नौरंगाबाद, शाहपुरा कोठी, हिदायतनगर, रामापुर, मीरपुर, गंगोत्रीनगर, सुआगाड़ा आदि मोहल्लों की आपूर्ति बाधित रही। सुबह बिजली न होने से लोगों को पानी की समस्या हुई। हालांकि विद्युत निगम ने एक दिन पहले ही कटौती की सूचना जारी कर दी थी, जिससे काफी उपभोक्ताओं ने पानी सहित अन्य व्यवस्थाएं पहले कर ली थीं।