झाड़ियों में पड़ी बच्ची को उठाते हुए पुलिसकर्मी। स्रोत: ग्रामीण
फरधान। बेहजम-मैगलगंज मार्ग से गौरिया जाने वाले रास्ते पर बुधवार शाम करीब पांच बजे झाड़ियों में दो माह की बच्ची रोती मिली। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को सीएचसी बेहजम पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला महिला अस्पताल भेजा गया, जहां से बच्चा सुरक्षा केंद्र लखीमपुर भेज दिया गया।
राहगीरों ने झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो पास जाकर देखा। वहां कपड़े पहने बच्ची पड़ी थी। जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस के मुताबिक बच्ची के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। इससे आशंका है कि उसे कुछ समय पहले ही वहां छोड़ा गया होगा। आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन बच्ची की पहचान नहीं हो सकी।
सीओ विवेक तिवारी ने बताया कि बच्ची को एंबुलेंस से सीएचसी बेहजम भेजा गया था। प्राथमिक उपचार के बाद जिला महिला अस्पताल और वहां से बच्चा सुरक्षा केंद्र भेज दिया गया। संवाद