निघासन उप मंडी स्थल पहुंचकर तकनीकी जांच करती टीम। संवाद
निघासन। पलिया मार्ग स्थित उप मंडी का निर्माण पूरा होने के बाद बुधवार को मंडी परिषद की पांच सदस्यीय टीम ने पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांची। टीम ने मंडी परिसर में बनी दुकानों, मंडी सचिव कार्यालय, सड़क समेत करीब आठ स्थानों से निर्माण सामग्री के नमूने लिए। सभी नमूने जांच के लिए विभागीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी।
जांच टीम में जेडी महेंद्र कुमार, एई शिवानी, मंडी सचिव सौरभ कश्यप, जेई रामेंद्र कुमार समेत पीडब्ल्यूडी लखीमपुर के अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित बिल पर रोक लगाने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
14 अगस्त को भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के पदाधिकारियों समेत क्षेत्र के कई किसानों ने मंडी परिसर पहुंचकर एसडीएम यदुवीर सिंह को ज्ञापन दिया था। किसानों ने मंडी से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। उनका कहना था कि मंडी परिसर की जमीन गाटा लुधौरी ग्राम पंचायत की है, जबकि अभिलेखों में इसका नाम निघासन दर्ज है। किसानों ने जमीन की स्थिति स्पष्ट कराने की मांग की थी।
इसके अलावा मंडी परिसर से गुजर रही 33 हजार और 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइनों को हटाने की मांग भी की गई थी। किसानों का कहना था कि परिसर में विद्युत लाइनें होने से हादसे का खतरा बना रहता है। संवाद