पुलिस के कब्जे में बस। स्रोत : विभाग
लखीमपुर खीरी। मथुरा से पलिया आ रही एक डबल डेकर बस को पुलिस और परिवहन विभाग की टीम ने शनिवार को पीछा कर पकड़ा। कई जगह रोकने के प्रयास के बावजूद चालक बस को कट मारकर भगाता रहा।
आखिरकार पलिया पुलिस को कमल चौराहे पर जाम लगवाकर बस रुकवानी पड़ी। पुलिस ने बस को सीज कर चालक और स्टाफ को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ने बताया कि मझगईं थाना क्षेत्र के पास एक सिपाही को बस में बैठाया गया था। कुछ दूरी तय करने के बाद हेल्पर ने सिपाही को अकेला देखकर उसकी वर्दी पर नेम प्लेट न होने को लेकर सवाल उठाए और अभद्रता करने लगा। विवाद बढ़ने से पहले सिपाही बस से उतर गया और अधिकारियों को सूचना दी।
सिपाही के उतरते ही बस वापस निघासन की ओर मुड़ गई। सूचना मिलने पर बम्भन चौकी प्रभारी गौरव सिंह ने पिकेट लगवाई, लेकिन चालक बस को पलिया की ओर ले गया। रास्ते में कई जगह चेकिंग टीम ने बस रोकने का प्रयास किया, मगर चालक खतरनाक तरीके से कट मारते हुए भागता रहा।
इसके बाद पलिया पुलिस ने कमल चौराहे पर जाम लगाकर बस को पकड़ लिया। इसी दौरान कुछ लोग बाइक से मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
-
बस मालिक पर फर्जी सूचना देने का आरोप
प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ने बताया कि कार्रवाई के दौरान बस मालिक ने डायल 112 पर सूचना दी कि कोई फर्जी अधिकारी चेकिंग कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को प्रवर्तन अधिकारी टीम के साथ जांच करते मिले, जिसके बाद डायल 112 की टीम लौट गई। जांच में बस में क्षमता से अधिक 10 सीटें बनी मिलीं। इसके बाद बस को सीज कर तकनीकी जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रवर्तन अधिकारी ने दावा किया कि बस छुड़ाने पहुंचे लोग संगठित तरीके से बस संचालन से जुड़े हैं।