नगर पालिका बोर्ड की बैठक में जानकारी देती पालिका अध्यक्ष डॉ.इरा श्रीवास्तव। संवाद
लखीमपुर खीरी। नगर पालिका परिषद की बृहस्पतिवार को बोर्ड बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 की अनुमानित आय 99 करोड़ 83 लाख 55 हजार व व्यय 96 करोड़ 69 लाख का बजट सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। सभासदों ने प्रस्ताव पेश किया कि शहर में खराब स्ट्रीट लाइटों के निरीक्षण के लिए रात में टीम लगाई जाए, जिससे सही जानकारी मिल सकेगी।
नगर पालिका में कर्मचारियों द्वारा किसी भी कार्य से आए लोगों से अवैध वसूली के मामलों की शिकायत उन्होंने की। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष व ईओ संजय कुमार ने जांच कराने की बात कही।
सभासदों ने बढ़े हुए टैक्स पर चर्चा करते हुए पुराने पर 25 प्रतिशत ही बढ़ाकर लेने की बात कही, जिससे लोगों पर अधिक भार न पड़े। सभासद शमशुल हसन ने हिदायत नगर में बिना दाखिल खारिज के बने मकानों की जांच कराकर उन्हें नगर पालिका में सम्मिलित कराने का प्रस्ताव दिया, जिससे उन लोगों को भी पालिका की सुविधाओं का लाभ मिल सके।
सभासद राशिद पठान ने कब्रिस्तान के अंदर इंटरलाकिंग सड़क व प्रकाश पथ का प्रस्ताव दिया, जिसको सर्व सम्मति से स्वीकार किया गया। बैठक में सभासद राकेश मिश्रा, कुमुदेश शंकर शुक्ला, अनिरुद्ध त्रिपाठी आदि ने भी अपने प्रस्ताव दिए।
पालिका अध्यक्ष डाॅ. इरा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सभासदों द्वारा दिए गए अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए।