लखीमपुर खीरी। जिला राजकीय पुस्तकालय में 26.85 लाख रुपये की लागत से अध्ययन कक्ष बनाया जाएगा। यह अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कक्ष होगा। इसके निर्माण की स्वीकृत मिल गई है। इसके लिए फर्नीचर भी अलग से खरीदा जाएगा। इसके निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है।
राजकीय पुस्तकालय का भवन काफी पुराना है। यहां पर क्षमता से अधिक बच्चे पढ़ने आते हैं। कभी-कभी जगह न मिलने पर बच्चों को लौटना पड़ता है। सीडीओ अभिषेक कुमार ने इसके कायाकल्प कराने की योजना तैयार की और एस्टीमेट बनवाया। डीएम ने इसकी स्वीकृति दे दी है।
बताते चलें कि पहले यहां करीब 19 लाख से एक कक्ष स्वीकृत हुआ था। सीडीओ ने मौके पर जाकर जब प्रस्तावित निर्माण स्थल देखा तो नाराजगी जताई।
सीडीओ ने कहा कि जब जगह है तो बड़ा कक्ष बनवाया जाए। इसके बाद फिर से एस्टीमेट तैयार किया गया। अब जो स्टडी हॉल स्वीकृत हुआ है, उसमें करीब 60 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।