पसगवां। पिपरोला कुंअरपुर व पड़ोसी गांव के लोगों से लाखों की ठगी के मामले में पुलिस ने कथावाचक पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
क्षेत्र निवासी मुंशीलाल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि इसी साल 20 अप्रैल को जिला शाहजहांपुर के थाना पुवायां के ग्राम गनपतपुर हाल पता क्षेत्र के पिटारमऊ निवासी करन सिंह कुशवाहा उनके घर आया। उसने खुद को श्रीमद्भागवत कथा का वाचक और तांत्रिक बताया।
कहा कि उसके घर में माया है। इस कारण उसके घर का कोई न कोई सदस्य बीमार रहता है। बीमारी ठीक करने और माया निकालने के लिए रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
मुंशीलाल ने बताया कि वह शक्ल से किन्नर जैसा दिखता है। उसने 12 लाख रुपये नकद, सोने के आठ कड़े, हार और उसके गांव के राम लखन से 2.35 लाख रुपये नकद और एक सोने की चेन ले ली। एक प्लाॅट की रजिस्ट्री भी करा ली।
पिपरोला कुंअरपुर के ही रामलाल से छह लाख रुपये नकद, एक सोने का कड़ा, तीन अंगूठी, एक सोने का हार, एक जोड़ी कुंडल, एक जोड़ी झुलनिया ठग ली।
पड़ोसी गांव कमतरा के श्रीराम से छह लाख रुपये नकद और एक सोने का हार ले लिया तथा नौ बीघा जमीन की रजिस्ट्री करा ली। ग्रामीणों को ठगी का एहसास तब हुआ, जब संदूक में सोने की ईंटों की जगह भट्ठे की ईंटें मिलीं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।