लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली के अस्पताल मार्ग पर दवा लेने आई एक महिला उचक्कों के चक्कर में पड़ गई। उचक्कों ने महिला को बातों में फंसाकर उसके सोने के कान के कुंडल उतरवा लिए और फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बता दें कि थाना खीरी के ग्राम सावल सिंह का पुरवा निवासी चंपा देवी पत्नी अमर सिंह दोपहर ड्यूटी समाप्त करने के बाद दवा लेने के लिए गई थीं।
इसी दौरान दाे उचक्कों ने महिला को झांसे में लेते हुए उसे बातों में उलझा लिया। उचक्कों के कहने पर महिला ने कान में पहने हुए कुंडल को उतारकर उचक्कों को दे दिया। कुंडल मिलते ही उचक्के मौके से फरार हो गए।
पीड़िता जिला महिला अस्पताल में आया के पद पर काम करती है। महिला ने बताया कि उचक्कों ने उसके पति की मौत का भाव दिखाया था। थोड़ी देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ तो पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी हेमंत राय दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने टीम के साथ घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालकर उचक्कों की पहचान करनी शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी हेमंत राय ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मिलते ही मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।