चैती मेले के पुराने रास्ते पर कराया जा रहा निर्माण। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। छोटी काशी का प्राचीन चैती मेला एक अप्रैल से शुरू होगा। इसके लिए नगर पालिका ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुराना रास्ता बंद होने से मेले के लिए शनिदेव मंदिर के पास से नया मार्ग बनाया जा रहा है।
120 वर्ष पुराने चैती मेले को लेकर नगर एवं क्षेत्र वासियों को पूरे वर्ष इंतजार रहता है। इस बार नगर पालिका परिषद ने गंगा जमुनी संस्कृति के परिचायक मेल को सजाने के लिए 45 लाख का बजट स्वीकृत किया है। नोटिस मिलने के बाद अस्थायी दुकानदारों ने अपनी दुकानें हटाकर मेला मैदान खाली कर दिया है। नगर पालिका परिषद साफ-सफाई कराकर समतलीकरण का कार्य करा रही है।
कोतवाली परिसर के निर्माण के चलते सीओ ऑफिस के सामने से मेले को आने वाला मुख्य मार्ग बंद हो गया है। अब चीनी मिल मार्ग से सीओ ऑफिस के पीछे से होते हुए शनिदेव मंदिर के पास से नया मार्ग बनाया जा रहा है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने बताया, मेले के लिए नया मार्ग बनाया जा रहा है। मेले को भव्यता से सजाया जाएगा। संवाद