देवकली स्थित मेडिकल कॉलेज। स्रोत : मेडिकल कॉलेज प्रशासन
लखीमपुर खीरी। जिले के राजकीय स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय की 100 सीटों पर अब नया बैच शुरू होने वाला है। मेडिकल कॉलेज को इसकी स्वीकृति भी दे दी गई है। काउंसलिंग के बाद नया सत्र भी शुरू होने वाला है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन इसको लेकर अब तैयारियों में जुट गया है।
देवकली सैदापुर झाऊ स्थित मेडिकल कॉलेज में 2025-26 को लेकर नया बैच शुरू होने वाला है। 100 एमबीबीएस की सीटों के लिए यह बैच अगस्त से लेकर सितंबर तक शुरू हो जाएगा। बता दें कि पिछले वर्ष कॉलेज को 100 सीटों पर प्रवेश की पहली बार अनुमति मिली थी। पिछला सत्र पूरा होने के बाद अब नया सत्र शुरू होने वाला है। इन 100 सीटों में 85 बच्चे राज्य, जबकि 15 बच्चे ऑल इंडिया से लिए जाएंगे।
दूसरे बैच को लेकर मेडिकल कॉलेज के पास कुछ कमी थी। इसको लेकर भी लगभग सभी कमियां दूर कर ली गईं हैं। एनएमसी की गाइडलाइन को पूरा करने के बाद मेडिकल कॉलेज में इस सत्र की शुरूआत होने जा रही है। काउंसलिंग के बाद इसकी शुरूआत हो जाएगी। आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को इसका फायदा मिलेगा। वहीं लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ मिलेगा।
मेडिकल कॉलेज में नए सत्र की शुरूआत जल्द ही होने वाली है। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। - डॉ. वाणी गुप्ता, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज