फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: पल भर का गुस्सा दे गया जिंदगी भर का दर्द

Wed, 15 Jul 2026 11:07 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
हत्यारोपी आकाश
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। गुस्सा पल भर का था, लेकिन हाथीपुर उत्तरी मोहल्ले के एक परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे गया। घर में रखा चश्मा लेने को लेकर दो बच्चियों के बीच हुए मामूली विवाद में मर्चेंट नेवी में स्टोर इंचार्ज के पद पर कार्यरत आकाश अवस्थी ने अपने पिता राजीव अवस्थी पर चाकू से हमला कर दिया।
विज्ञापन

हाथ की नस कटने और ज्यादा रक्तस्राव से पिता की मौत हो गई और हत्या के आरोप में बेटा जेल पहुंच गया। घटना ने पूरे परिवार को बिखेर दिया। आरोपी की दादी विभा अवस्थी, बड़े भाई की पत्नी व बेटी कौशिकी और आकाश की पत्नी प्रिया व बेटी आरू की जिंदगी पर भी इस घटना का गहरा असर पड़ा है। राजीव की पत्नी का निधन काफी साल पहले हो चुका है।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार देर शाम आकाश के बड़े भाई की बेटी कौशिकी और उसकी बेटी आरू के बीच घर में रखा चश्मा लेने को लेकर विवाद हो गया। पिता राजीव कौशिकी का पक्ष लेकर दोनों को समझाकर विवाद शांत करा रहे थे। यही बात आकाश को नागवार गुजरी और उसने पिता पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। बचाव के दौरान चाकू राजीव के हाथ पर लगा और नस कट गई। ज्यादा रक्तस्राव होने से उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी नस कटने से मौत की बात सामने आई।
विज्ञापन

घटना के बाद परिवार पूरी तरह बिखर गया है। जिस घर में कुछ दिन पहले तक हंसी-खुशी का माहौल था, वहां अब मातम, आंसू और सन्नाटा है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि पल भर के गुस्से में पूरे परिवार के बिखरने की दर्दनाक कहानी बन गई।
आकाश मर्चेंट नेवी में स्टोर इंचार्ज के पद पर कार्यरत था। वह 21 जून को छुट्टी पर घर आया था। परिवार को उम्मीद थी कि लंबे समय बाद बेटा घर आया है तो सब मिलकर समय बिताएंगे, लेकिन चश्मा लेने को लेकर बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि आकाश ने अपने ही पिता पर चाकू से हमला कर दिया।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि जिस पिता ने बेटे को पढ़ाया-लिखाया और नौकरी तक पहुंचाया, वही पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। दूसरी ओर बेटा हत्या के आरोप में जेल पहुंच चुका है। घर की बुजुर्ग विभा अवस्थी पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बड़े पोते की कैंसर से मौत के बाद अब उन्होंने अपना बेटा खो दिया और छोटा पोता हत्या के आरोप में जेल पहुंच गया।

बेटे के प्रेम विवाह से नाराज रहता था परिवार
परिजनों के अनुसार, राजीव की हत्या के आरोपी आकाश ने जिद कर मोहल्ला अर्जुनपुरवा निवासी प्रिया से प्रेम विवाह किया था। इससे पूरा परिवार नाराज था। हालांकि समय बीतने के साथ परिवार के बीच मनमुटाव कम हुआ और दोनों परिवारों के बीच आना-जाना शुरू हो गया।

मंगलवार देर शाम गिरफ्तार हुआ आकाश
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि घटना के बाद मंगलवार देर शाम आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें