धौरहरा। गांव रायपुर के मजरा लाजजीपुरवा में छह वर्षीय बालक शुभम को मौत के घाट उतारने वाले तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है। एसडीओ के नेतृत्व में वन विभाग की टीम क्षेत्र में डेरा डाले हुए है।
चार पिंजरों, पांच कैमरों और ड्रोन की मदद से तेंदुए की निगरानी की जा रही है, लेकिन वह अभी पकड़ में नहीं आया है। रविवार शाम तेंदुए के हमले में पिता जवाहर के साथ खेत में मौजूद छह वर्षीय शुभम की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए एसडीओ मनोज तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के चार स्थानों पर पिंजरे और कैमरे लगवाए हैं। ड्रोन से भी निगरानी कराई जा रही है।
बीट इंचार्ज अभिषेक राज के नेतृत्व में गठित टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। ड्रोन कैमरे से उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
-
तेंदुए को पकड़ने के लिए संभावित क्षेत्रों में चार पिंजरे और कैमरे लगाए गए हैं। मैं स्वयं टीम के साथ कांबिंग कर रहा हूं। ड्रोन कैमरे से भी तलाश चल रही है। ग्रामीणों को तेंदुआ पकड़े जाने तक सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
-मनोज तिवारी, एसडीओ बफर जोन, दुधवा टाइगर रिजर्व