बेलराया स्थित शगुन पैलेस में अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करती पंजाबी महिला। संवाद
बेलराया/तिकुनिया। बेलरायां हरद्वाही बाजार स्थित एक पैलेस में पंजाबी महिलाओं ने अपनी समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक पंजाबी वेशभूषा के साथ वर्षों पुरानी घरेलू कलाओं और जीवनशैली की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पवनदीप कौर ने किया। प्रदर्शनी में दूध-दही से मक्खन निकालने की पारंपरिक मथानी, हाथ की कढ़ाई, चरखे पर सूत कातकर कपड़ा तैयार करने की विधि सहित कई पारंपरिक घरेलू उपकरणों और हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया गया। महिलाओं ने इन पारंपरिक तरीकों की उपयोगिता और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का संदेश दिया। आयोजकों ने कहा कि आधुनिक दौर में पारंपरिक कलाओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण समय की जरूरत है। प्रदर्शनी देखने पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना की। इस मौके पर निघासन ब्लॉक प्रमुख हरप्रीत कौर, रुपेंद्र कौर, कमलदीप कौर, जसबीर कौर, परबीन कौर, सर्वजीत कौर और नवलप्रीत कौर सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।