पसगवां। पुलिस चौकी बरवर क्षेत्र में युवती को अगवा करने के बाद बंधक बनाकर दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बरवर चौकी क्षेत्र के एक युवक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 24 वर्षीय बहन 30 अप्रैल की रात लगभग दो बजे घर के बाहर बने शौचालय में शौच के लिए जा रही थी। इसी दौरान आरोपी कासिफ अपने चौपहिया वाहन से जबरन उसको उठा ले गया। इसके बाद कई स्थानों पर बंधक बनाकर दुष्कर्म किया।
बीती दो मई को आरोपी के घर से शोर-शराबा सुनकर उसके पड़ोसी व अन्य लोग एकत्रित हो गए। जानकारी होने पर जब वह अपने परिजनों के साथ आरोपित के घर पहुंचा तो वहां उसकी बहन बरामद हुई। इस दौरान आरोपी धमकी देता हुआ फरार हो गया।
कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।
थाना प्रभारी रविंद्र सोनकर ने बताया कि मुकदमा दर्जकर नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही पीड़ित युवती को मेडिकल जांच के लिए भेजा है।