थाने शिकायत करने पहुंची पीड़िता-स्रोत परिजन
लखीमपुर खीरी। थाना खमरिया क्षेत्र में बिकी हुई जमीन को दोबारा बेचकर पौने चार लाख रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया है। ठगे जाने का एहसास होने पर पीड़िता ने पुलिस को सूचना देकर न्याय दिलाने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मामला मूसेपुर गांव का है। मूसेपुर मजरा मुराउन पुरवा निवासी रामा देवी पत्नी रमाकांत का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने ऊंचगांव निवासी व्यक्ति के साथ मिलकर जमीन बिक्री के नाम पर 3.75 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि झूठ बोलकर पीड़िता को उस जमीन का सौदा करवा दिया, जो पहले भी किसी अन्य व्यक्ति को बेची जा चुकी थी।
पीड़िता से जमीन का सारा पैसा रामस्वरूप ने ले लिया और राजकिशोर की जमीन का पौने दो बीघा खेत का बैनामा करवा दिया, लेकिन आज तक न जमीन मिली और न पैसा। पीड़िता ने ठगी के मामले की शिकायत खमरिया पुलिस से की है। थाना प्रभारी खमरिया मनबोध तिवारी ने बताया तहरीर मिली है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।