देवकली रोड पर स्थित मोहल्ला प्रमिलानगर में सिलेंडर लीक होने के कारण एक घर में आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर किराने का सामान और गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक अधिकतर सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
प्रमिलानगर निवासी विमला खोखे में किराने की दुकान चलाती हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को ही एजेंसी से गैस रिफिल लेकर घर में लगाया था। दोपहर में खाना बनाने के लिए चूल्हा जलाया था, तभी सिलेंडर के रेगुलेटर के पास लीकेज से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आकर 20 बोरी चावल, दो बोरी दाल, दो बोरी मटर, एक बोरी उड़द दाल, दो पीपा तेल, दो बोरी आटा, 20 हजार की नगदी सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया हैै। विमला का घर बन रहा था, जिसके लिए 20 हजार रुपये बैैंक से निकालकर रखे थे। विमला ने कहा कि वह गैस एजेंसी के खिलाफ लीकेज सिलेंडर देने के लिए क्लेम करेंगी।