लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली के शहर के मौर्य कॉलोनी निवासी युवक के साथ फर्जी लोन दिलाने के नाम पर 60,438 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि उसने कई बार पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे परेशान होकर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में मोहल्ला निवासी सुमित रस्तोगी ने बताया कि कुछ महीने पहले रुपयों की जरूरत थी। इसको लेकर वह पर्सनल लोन कराना चाह रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उसका संपर्क आशुतोष रस्तोगी, आरती और आरके सिंह से हुआ। आरोपियों ने खुद को एक निजी कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा दिया। झांसे में आकर पीड़ित से कई बार में रुपये ट्रांसफर कराए।
पीड़ित के अनुसार, 1 नवंबर 2025 को फाइल चार्ज के नाम पर 5,250 रुपये, 10 नवंबर को मार्जिन मनी के रूप में 28,022 रुपये, 11 नवंबर को एडवांस किस्त के तौर पर 13,166 रुपये और अन्य चार्जेस के नाम पर अतिरिक्त रकम ली गई। इसके बाद 13 नवंबर को फिर 13,000 रुपये की मांग की गई। इस प्रकार कुल 60,438 रुपये की ठगी की गई। रकम लेने के बाद आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।