बांकेगंज क्षेत्र का उच्च प्राथमिक स्कूल भरिगंवा। स्रोत: शिक्षक।
मझगईं। मजरा गहरा फार्म में पालतू बछड़े के लापता होने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले की आशंका जताई है। उनका कहना है कि तेंदुआ बछड़े को खींचकर खेतों की तरफ ले गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को मौके पर न बछड़े का शव मिला और न ही किसी जंगली जानवर के पैरों के निशान।
गहरा फार्म निवासी गुरदयाल सिंह के मुताबिक, उनका पालतू बछड़ा घर के पास घारी में बंधा था। इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला किया और उसे खींचकर खेतों की तरफ ले गया। ग्रामीणों का कहना है कि तिकोना फार्म के बाद गहरा फार्म क्षेत्र में यह तीसरी ऐसी घटना है। इससे आसपास के गांवों में भी डर का माहौल है।
सूचना मिलने पर मझगई रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और तलाश की, लेकिन बछड़े का पता नहीं चला। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार ऐसी घटनाओं से खेतों की तरफ जाना मुश्किल हो रहा है।
घरों के आसपास भी जंगली जानवरों का डर बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
वन क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि बछड़े पर तेंदुए के हमले की सूचना मिलने पर टीम को मौके पर भेजा गया था। वहां न बछड़े का शव मिला और न किसी जंगली जानवर के पैरों के निशान मिले।