बाघ को पकड़ने के लिए लगा पिंजरा। स्राेत : वन विभाग
बांकेगंज। मैलानी रेंज के बरौंछा नाले में दो माह से डेरा डाले बाघ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरा लगा दिया है। इसमें एक बकरी बांधी गई है।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन मैलानी रेंज की जटपुरा बीट जंगल की आबादी से सटे बरौंछा नाला की झाड़ियों में पिछले दो माह से एक बाघ ने अपना ठिकाना बना रखा है। यह अक्सर हरदुआ, जटपुरा, महोलिया, खंजनपुर, कुकरा गांवों की आबादी क्षेत्र के घरों में घुसकर खूंटे से बंधे करीब दो दर्जन से अधिक पालतू पशुओं को अपना निवाला बना चुका है। सोमवार रात भी यह बाघ हरदुआ फार्म निवासी कमलेश के घर में घुसकर एक कुत्ते को खींच ले गया और मार डाला। आबादी क्षेत्र में बाघ की सक्रियता से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों ने खेतों में जाना छोड़ दिया है, जिससे उनकी खेती-बाड़ी चौपट हो रही है।
आबादी क्षेत्र में पिछले दो माह से सक्रिय बाघ को लेकर लोगों का वन विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। परेशान ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग सिर्फ निगरानी तक सीमित है। उसे जंगल में खदेड़ने के प्रयास भी नहीं किए जा रहे हैं। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए हरकत में आए वन विभाग ने सोमवार शाम हरदुआ फार्म क्षेत्र में बाघ को पकड़ने के लिए एक पिंजरा लगाया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। रेंजर मैलानी साजिद हसन ने बताया कि आबादी क्षेत्र में सक्रिय बाघ को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे में बकरी भी बांधी गई है। बाघ को जल्द ही पकड़ा जाएगा।