एसपी से शिकायत करने पहुंचे ग्रामीण। संवाद
लखीमपुर खीरी। नकहा ब्लाॅक में इंडियन बैंक के बीसी संचालक ने सर्वर का बहाना बनाकर कई ग्रामीणों के खाते खाली कर दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि दस हजार रुपये निकालने के बहाने संचालक 30 हजार रुपये निकाल लेता था। ठगी होने का पता चलने पर ग्रामीणों ने एसपी से मामले की जांच कराने की मांग की है।
मंगलवार की सुबह ग्राम डिंगरा लहरपुर सीतापुर के करीब 20 से अधिक ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां पर उन्होंने एक शिकायती पत्र सौंपा। आरोप है कि नकहा के बीसी संचालक ने मिलीभगत करते हुए ग्रामीणों के खातों के रुपये अपने व परिजनों के खातों में स्थानांतरित कर दिए। बीसी संचालक ने ग्राहकों के अंगूठे लगवाकर उनके खातों से रकम निकाल ली। कई ग्राहकों ने रकम निकालने के बाद बैंक पासबुक भी वापस नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया है। ग्रामीणों में छविनाथ के खाते से 4.01 लाख, राम महाजन से 1.50 लाख, राम नरेश से 1.17 लाख और राम सागर से 1.78 लाख रुपये निकालने के साथ ही अन्य लोगों के मिलाकर कुल 14,62,313 रुपये काे अपने खातों में ट्रांसफर कर लिया। सीओ महक शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-