गर्मी और मच्छरों की भरमार से रात में लोगों की नींद हराम
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। शनिवार की रात करीब एक बजे बारिश के दौरान छाउछ उपकेंद्र से गढ़ी उपकेंद्र तक आने वाली 33केवी हाईटेंशन बिजली लाइन पर पेड़ गिर गया। इससे शहर की बिजली सप्लाई करीब कई घंटे तक बाधित रही। हालांकि रात में बिजलीकर्मियों ने पेड़ हटाकर सप्लाई बहाल करने का दावा किया।
बताते हैं रात में गोला रोड पर शकुंतला प्लाईवुड के पास हाईटेंशन बिजली लाइन पर पेड़ गिरने के बाद पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। इससे भीषण गर्मी में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने और मच्छरों की भरमार के कारण लोगों की नींद खुल गई। बिजली के इंतजार में लोग कई घंटे तक जागते रहे। इधर रात करीब एक बजे बिजली लाइन पर पेड़ गिरने की सूचना मिलने पर जेई मनोज पुष्कर सहित तमाम बिजलीकर्मी मौके पर पहुंचे। बिजलीकर्मियों ने रात में लाइन से पेड़ हटाया और बिजली सप्लाई बहाल की। बिजलीकर्मियों की इस कवायद में दो से ढाई घंटे का समय लगा, इस दौरान शहर के लोग बिजली कटौती से जूझते रहे।
00
हिदायतनगर में करंट लगने से गाय की मौत
शहर के मोहल्ला हिदायतनगर में जमीन पर बिछाई गई घरेलू बिजली लाइन की चपेट में आने से मोहल्ले के ही गुड्डू घोसी की गाय की मौत हो गई। गाय की कीमत 50 हजार बताई जा रही है। बताते हैं यह लाइन मोहल्ले के ही घर में बिजली सप्लाई के लिए बिछी थी। इस हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुड्डू के घरवालों का कहना है कि इस बिजली लाइन से कई युवकों को करंट लग चुका है, इसकी शिकायत भी बिजली अधिकारियों से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को गाय की मौत के बाद एक बार लोगों ने बिजली अधिकारियों से कार्रवाई व क्षतिपूर्ति की मांग की है।