रविवार से ही कांवड़ियों समेत लाखों भक्तों ने डेरा डाला
अमर उजाला ब्यूरो
गोला गोकर्णनाथ। छोटी काशी का वर्ष में सबसे बड़ा भूतनाथ मेला आज सोमवार को होगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद लगाई जा रही है।
सीओ मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि भूतनाथ मेले में सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगा हुआ है। भूतनाथ मेला परिसर में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है जहां से पूरे मेले की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। भूतनाथ मेला में दो सीओ, दो इंस्पेक्टर, पांच एसओ, एक महिला एसओ को अतिरिक्त सुरक्षा की दृष्टि से बुलाया गया है। भूतनाथ मंदिर परिसर में दो सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। उधर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल ने अपने सदस्यों के साथ मेला परिसर का भ्रमण कर सरोज टाकीज से भूतनाथ मंदिर के आगे तक जनरेटर से प्रकाश की व्यवस्था के दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने एक दर्जन से अधिक सफाई कर्मियों को दिन भर के लिए मेला परिसर में लगाया है। मंदिर के निकट नगर पालिका परिषद का सहायता केंद्र और प्याऊ की व्यवस्था करने के दिशा निर्देश दिए। शाम को ईओ/एसडीएम ने भी मेला परिसर का भ्रमण कर अधिकरियों, कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
00
यह है इस मेले की किवदंती
भूतनाथ मेले के प्रति किवदंती यह भी है कि जब लंकाधिपति रावण भगवान शिव को कांवड़ में रखकर ले जा रहा था तब गोला में लघु शंका लगने पर उसने कांवड़ एक ग्वाले को थमा दी थी। ग्वाले ने कांवड़ कुछ देर बाद भूमि पर रख दी, जिस पर रावण क्रोधित होकर उसे मारने के लिए तैयार हुआ। भयभीत होकर ग्वाले ने पास स्थित कुएं में कूदकर जान दे दी। तभी भगवान शिव ने उसे वरदान दिया कि सावन में नागपंचमी के बाद पड़ने वाले सोमवार को भूतनाथ के नाम से मेला लगेगा और श्रद्धालु पूजा अर्चना करेंगे। इसी मान्यता के कारण मंदिर पर दूर दूर से आने वाले श्रद्धालु भूतनाथ बाबा के मंदिर पर गिट्टी से अपनी मनौती लिखते हैं वहीं कुछ लोग मनौती मानकर मूजा में गांठ लगाते हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से मानी गई मनौती एक वर्ष के अंदर पूर्ण हो जाती है मनौती पूर्ण होने पर श्रद्धालु गांठ खोलतेहैं, जिससे यहां लाखों की संख्या में भीड़ रहती है।
00
फोटो-03 जीएलएपी 1,2 और 7 में।
सावन के अंतिम सोमवार से पूर्व कांवड़ियों की रही भीड़
शिव के जयघोष से गूंजी छोटी काशी
जगह जगह रहे भंडारे
गोला गोकर्णनाथ। नाग पंचमी के बाद पड़ने वाले सावन के अंतिम सोमवार को भूतनाथ मेला होने के कारण रविवार को नगर में कांवड़ियों की खासी भीड़ रही। सड़कों पर कांवड़ियों के सैलाब और शिव के जयघोष से नगरी गूंज उठी।
भूतनाथ के मेला में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आकर शिव मंदिर और बाबा भूतनाथ का पूजन अर्चन कर मनौती मानते हैं। रविवार को नगर की सड़कों पर हर हर महादेव और बम भोले के जयघोष के साथ कांवड़ियों के जत्थे सड़कों पर निकले जिससे पूरा नगर शिवमय हो गया। दूर दराज से आए कांवड़ियों ने भगवान शिव के मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना की। शनिवार की रात से ही नगर के लखीमपुर से गोला मार्ग पर कांवड़ियों के सैकड़ों जत्थे शिव के भजनों पर नाचते गाते छोटी काशी की ओर आ रहे थे। इस मार्ग पर चलने वाले वाहनों को बैलगाड़ी की गति से चलना पड़ा। पूरी रात और दिन यह मार्ग कांवड़ियों के केसरिया वस्त्रों से केसरियामय बना रहा। जगह जगह पर शिव भक्तों ने कांवड़ियों के लिए विश्राम और भोजन का प्रबंध टेंट लगाकर किया था।
ममरी। सावन के आखिरी सोमवार और गोला के ऐतिहासिक भूतनाथ मेले की पूर्व संध्या पर पतित पावनी गंगा जी से जल भरकर गोला के प्राचीन भगवान शिव मंदिर और अहमदनगर के क्लेशहरण मंदिर में जलाभिषेक करने आने वाले पदयात्री कांवड़ियों का गोला खुटार और गोला शाहजहांपुर मार्ग पर सैलाब उमड़ पड़ा। इस मौके पर सड़कों का वातावरण डमरुआ वाले की जयकार से गुंजायमान हो उठा। कांवड़ियों की भरमार से सड़कें भगवामय हो उठीं, जिनकी लंबी कतारें और कांवड़ें देखते बन रही थीं।