पलिया-दुधवा मार्ग भी लगाया जाम
जबरन चाय की पत्ती समेत कई उत्पाद थोपने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
पलियाकलां। इन दिनों चल रही गैस की किल्लत पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एजेंसी के गोदाम पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने कुछ समय के लिए पलिया-दुधवा मार्ग भी जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि एजेंसी चाय की पत्ती समेत कई उत्पाद जबरन उन्हें थोपती है। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल रहा और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब 7.30 बजे भारत गैस के गोदाम पर लोगों की लाइन लगी हुई थी, इसमें तमाम लोगों को कई दिन से गैस नहीं मिली थी। वे लाइन लगाते थे और उन्हें गैस न आ पाने का रोना रोकर वापस कर दिया जाता था। इससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने वहां प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पलिया-दुधवा मार्ग पर जाम भी लगा दिया, हालांकि यह जाम महज पांच मिनट रहा। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एजेंसी के लोग गैस की कालाबाजारी कर रहे हैं और उन्हें गैस नहीं दी जा रही है। उनका आरोप था कि जब गोदाम में गैस नहीं है तो कालाबाजारियों के पास आखिर सिलेंडर कहा से आ रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी पर गैस लेने पर जबरन चाय की पत्ती और तमाम उत्पाद लेने पड़ते हैं उन उत्पादों के दाम बाजार से काफी अधिक भी हैं। फिलहाल उन्हाेंने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इधर गैस एजेंसी के विकास अग्रवाल का कहना था कि कांवड़ियों के जत्थों के कारण हाईवे पर जाम लग रहा है और इसके कारण समय से गैस नहीं आ पा रही है। कहीं कोई भी कालाबाजारी नहीं की जा रही है।