थाना नीमगांव क्षेत्र की घटना, घायल ग्रामीण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया
अमर उजाला ब्यूरो
सिंकद्राबाद/बेहजम। थाना नीमगांव के करनपुर कैमा गांव में सोमवार की रात पिकप से भैंस चुराने आए पशु चोरों को ग्रामीणों ने घेर लिया, इस दौरान चार पशु चोर पिकप लेकर फरार हो गए लेकिन पशु चोरी कर जा रहे एक चोर पर जब ग्रामीण ने टार्च से रोशनी डाली तो उसने तमंचे से गोली चला दी, गोली एक ग्रामीण के दाहिने हाथ में लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बता दें कि इन दिनों थाना नीमगांव क्षेत्र में पशु चोरों ने लोगों की नींद उड़ा रखी है, चोरों का गिरोह प्रतिदिन रात में किसी न किसी गांव में देखा जाता है। बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के करनपुर कैमा गांव में रात के समय ग्रामीण घरों में सो रहे थे, तभी करीब दो बजे चार से पांच पशु चोरों का गिरोह गांव के किनारे पिकप खड़ी कर पैदल गांव में घुस आया और पशुओं की चोरी करने का प्रयास किया। इसी बीच गांव के लोग जाग गए और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया, ग्रामीणों का शोर सुनकर चार लोग पिकप में सवार होकर भाग निकले, जबकि एक पशु चोर पर गांव के रामबिलास ने टार्च की रोशनी डाली तो उसने तमंचे से कई फायर किए, जिसमें एक गोली रामबिलास के हाथ में जा धंसी जिससे वह जख्मी हो गया। इधर, चोरों के गांव में घुसने और फायरिंग की खबर पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने घायल रामबिलास को रात में बेहजम सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर एसओ परशुराम ओझा ने बताया कि इस मामले में घायल रामबिलास की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही एक आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
000000
कई गांवों से भगाए जा चुके हैं पशु चोर
नीमगांव क्षेत्र में पशु चोरों की सक्रियता से ग्रामीणों की नींद हराम हो गई है। लोग रातभर जागकर अपने पशुओं की रखवाली कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों में जहां बेलहरी में ग्रामीणों ने पशु चोरों को दौड़ाया, वहीं पैला गांव में पुलिस की सक्रियता से पशु चोरों को उल्टे पैर भागना पड़ा। इन घटनाओं से साफ जाहिर है कि पशु चोरों का गिरोह नीमगांव पुलिस पर भारी पड़ रहा है।