2013-14 में कराए गए कार्यों की होगी पड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। जिले की 13 ब्लाकों की 91 ग्राम पंचायतों में मनरेगा से कराए गए कार्यों का सोशल ऑडिट कराया जाएगा। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2013-14 में मनरेगा से व्यय और कराए गए कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में जिला स्तरीय पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की निगरानी में पंचायत स्तरीय सोशल आडिट टीम इस कार्य को अंजाम देगी। पंचायतवार तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं।
इस बार बांकेगंज, बिजुआ, धौरहरा, ईसानगर, कुंभी, लखीमपुर, मितौली, मोहम्मदी, निघासन, पलिया, पसगवां, फूलबेहड़ और रमियाबेहड़ ब्लाक की 91 ग्राम पंचायतों को चुना गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी/डीएम गौरव दयाल ने निर्धारित तिथि के अनुसार ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, ग्राम रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक आदि को ग्राम सभा की बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। जिला/ब्लाक सोशल आडिट कोआर्डिनेटर को ऑडिट टीम को मार्गदर्शन देने एवं सोशल ऑडिट की कार्यवाही लिखने संबंधी दायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल आडिट की बैठक को शांतिपूर्वक एवं सुचारू रूप से कराने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। 14 जुलाई से 31 जुलाई तक सोशल ऑडिट कार्र्य चलेगा। सोशल ऑडिट के दौरान ग्रामीण शिकायत दर्ज करा सकेंगे।