मायके वालों ने मृतका के पति के खिलाफ तहरीर दी
लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला अयोध्यापुरी में स्थित काशीराम कॉलोनी में एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
काशीराम कॉलोनी के ब्लाक नंबर 16 में रहने वाले ठेलिया चालक दिलीप गौतम की शादी अभी छह महीने पहले ही ललितानगर निवासी ओमप्रकाश की 20 वर्षीय पत्नी जूली उर्फ ज्योति गुप्ता के साथ हुई थी। दिलीप के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही रात में ज्योति की हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां कुछ देर चले इलाज के दौरान ज्योति की मौत हो गई। जिसके बाद दिलीप पत्नी का शव लेकर घर आया। रविवार की सुबह ज्योति की मौत हो जाने की सूचना मिलने पर भाई रोहित गुप्ता ने तहरीर देकर सदर कोतवाली पुलिस से ज्योति की हत्या किए जाने की शिकायत की। जिसके बाद सीओ सिटी, शहर कोतवाल समेत तमाम पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।