निचले इलाकाें के खेतों में भरा बाढ़ का पानी
अमर उजाला ब्यूरो
पलियाकलां। इलाके और पहाड़ों पर जारी बारिश से एक बार फिर शारदा नदी उफान पर आ गई है। शारदा खतरे के निशान को पार कर अब करीब 13 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। इससे उसके ऊफान का पानी निचले इलाकाें के खेतों में भर गया है। बारिश नहीं थमी तो शारदा का जलस्तर और भी बढ़ने आसार जताए जा रहे हैं।
शांत पड़ी शारदा नदी इलाके और पहाड़ों पर हो रही बारिश से एक बार फिर उफान पर है नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर करीब 13 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। इससे मटहिया, बोझवा, दौलतापुर, खैरहना, जंगल नंबर सात, मेलाघाट आदि गांवों के निचले फसली इलाके में बाढ़ का पानी घुस गया है। इससे फसलों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। फिलहाल नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। संभावना जताई जा रही है कि बारिश ऐसे ही जारी रही तो जलस्तर और बढ़ेगा, जिससे इलाके में बाढ़ के हालात पैदा हो सकते हैं।