बोलेरो रोकने के लिए पहले की हवाई फायरिंग
ईसानगर। थाना क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों के गिरोह ने शुक्रवार की रात नौरंगपुर पुल पर नौ मैंथा ऑयल व्यापारियों को हवाई फायरिंग कर रोक लिया और असलहों के बल पर उनकी पिटाई कर 3.77 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों के फरार होने के बाद किसी तरह ईसानगर थाने पहुंचे मैंथा व्यापारियों ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने अभी इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है, पुलिस का कहना है कि पीड़ित व्यापारियों की ओर से उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है।
थाना क्षेत्र के बाजारपुर निवासी उमेश, रत्नेश, रामू, रमेश, विनोद, लवकुश, अनूप, श्रीनिवास और सालिगराम क्षेत्र के किसानों से मैंथा ऑयल खरीदने और उसे बड़ी मंडियों में बेचने का काम करते हैं। बताया जाता है कि सभी व्यापारी करीब छह सौ लीटर मैंथा ऑयल इकट्ठा होने पर उसे बेचने के लिए किराए पर एक बोलेरो लेकर लहरपुर मंडी गए थे। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे मैंथा ऑयल व्यापारी बोलरो से गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में नौरंगपुर पुल के पास असलहों से लैस आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने बोलेरो देख कर हवाई फायरिंग कर दी, मैंथा व्यापारियों का कहना है कि गोलियों की आवाज सुनते ही चालक उमेश ने दहशत में बोलेरो रोक दी। तभी बदमाशों ने बोलेरो के पास पहुंचकर मैंथा व्यापारियों को असलहों के निशाने पर ले लिया। बदमाशों ने व्यापारी उमेश से 64 हजार, रमेश से 1.35 लाख, विनोद से 1.09 लाख, सालिगराम से 34 हजार और लवकुश से 32 हजार रुपये और एक मोबाइल लूट लिया। बताते हैं बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर उनकी पिटाई कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले, इधर किसी तरह थाने पहुंचे व्यापारियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस व्यापारियों के साथ हुई इस घटना की जानकारी होने से इंकार कर रही है। एसओ जेपी यादव का कहना है कि लूट की घटना का एक भी पीड़ित थाने नहीं आया है और न ही तहरीर दी है। पुलिस के इस रवैये से पीड़ित व्यापारियों की अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।