पलिया में गन्ना किसानों का ऐलान
पलियाकलां। सहकारी गन्ना विकास समिति में बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर किसानाें की एक सभा हुई। बैठक में प्रशासन की वर्तमान कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए किसानाें ने धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया। साथ ही तय किया कि यदि 19 जून तक चीनी मिल प्रबंधन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं होती है तो किसानाें की महापंचायत बुलाकर रणनीति बनाई जाएगी।
मालूम हो कि बजाज हिंदुस्थान लिमिटेड चीनी मिल पलिया के गन्ना मूल्य भुगतान न किए जाने पर तहसील प्रशासन ने मिल पर आरसी जारी कर दी थी। इसके बावजूद चीनी मिल के गोदामों से चीनी निकाल कर बाहर भेजी जा रही थी। इसकी जानकारी होने पर किसान उग्र होकर आंदोलन करने पर उतारू हो गए। किसानों की मांग है कि मिल के जोनल कोआर्डिनेटर और अध्यासी को गिरफ्तार कर मिल को कुर्क करने की कार्रवाई की जाए। इसी प्रकरण को लेकर गन्ना विकास समिति में किसानों ने बैठक की। इसमें एसडीएम विजय बहादुर ने किसानाें की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि मिल की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा एक त्र किया जा रहा है। जिला गन्ना अधिकारी, गन्ना आयुक्त से भेंट कर स्थिति से अवगत कराने गए हैं।
बैठक में गन्ना समिति चेयरमैन सुखदेव सिंह, मनप्रीत सिंह कंडोला, अवतार सिंह, परमजीत सिंह, विकास कपूर, इंद्रजीत सिंह, हरजाब सिंह, बुन्दु मियां, हरविन्दर सिंह, अखिलेश अवस्थी, रामकुमार राठौर, आदि बड़ी संख्या में गन्ना किसान, सीओ, एसओ और नायब तहसीलदार मौजूद रहे।