चोरों ने दो खोखों का ताला तोड़कर उड़ाया माल
कई घरों में चोरी का किया असफल प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
बेलरायां/तिकुनियां। थाना सिंगाही क्षेत्र के ग्राम बीच निबौरियां में सोमवार की रात चोरों ने एक पूर्व प्रधान के पुत्र समेत तीन घरों और दो खोखों का ताला तोड़कर घर में रखी नगदी, जेवर और अन्य कीमती समान समेत लाखों रुपये का सामान चुरा लिया। गांव में एक रात में हुई चोरी की पांच वारदातों से ग्रामीणों में दहशत है। सूचना के बावजूद पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
निबौरिया में सोमवार की रात चोर पूर्व प्रधान बालकराम वर्मा के पुत्र गजराज वर्मा के घर में घुस गए और मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखी पांच सोने की अंगूठियां, झुमकी, मटरमाला, पांच जोड़ी पायल, चुटकी, बीस साड़ी के अलावा तीस हजार की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद चोरों ने गजराज के भतीजे सुनील कुमार वर्मा के कमरे का ताला तोड़कर बेड के नीचे रखे 15 सौ रुपये चुरा लिए, घटना के समय परिवार के लोग छत पर सो रहे थे।
चोरों ने गांव स्थित पुराने पंचायत भवन के पास रखे मुख्त्यार के खोखे का ताला तोड़कर उसमे रखा सामान, एक हजार रुपये और उसके पड़ोस में रखे रामकैलाश जायसवाल के खोखे का ताला तोड़कर करीब पांच हजार रुपये के परचून के सामान पर हाथ साफ कर लिया। इसके अलावा पंचायत भवन के पास गंगाराम के कच्चे घर में चोरी का असफल प्रयास किया। बाद में चोरों ने इसी गांव से सटे गांव पश्चिम निबौरिया में ओमप्रकाश जायसवाल के घर में नकब लगाकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन जाग होने की सुगबुगाहट से चोर यहां से फरार हो गए। यहां असफल होने पर चोरों ने गांव पश्चिम निबौरिया स्थित रामसुमेर वर्मा के घर में खुले दरवाजे से घुसकर कमरे का ताला तोड़कर पांच हजार की नगदी पार कर दी। इसी क्रम में चोरों ने निबौरिया से निकलकर पड़ोस के सटे गांव सूरतनगर में श्रवणकुमार वर्मा के घर के प्रवेश द्वार के चैनल का ताला तोड़ दिया। इसके बाद यहां भी जाग हो जाने पर चोर चोरी करने में नाकाम रहे। सूचना के बाद भी पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
00000
ताबड़तोड चोरियों से ग्रामीणों की नींद हराम
बेलरायां। सिंगाही थाना क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों की नींद हराम है। गांवों में पुलिस गश्त की ढिलाई के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं।
थाना सिंगाही क्षेत्र के ग्राम सिंगहा कलां में एक सप्ताह पूर्व ग्राम निवासी इंदरबली के घर में चोरों ने करीब चार लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए थे। जिसका खुलासा पुलिस एक सप्ताह बाद भी नहीं कर सकी। इसी प्रकार ग्राम पंचायत बंगलहा तकिया के मजरा बालकराम पुरवा में एक महिला के घर से दो चोरों को पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन इन चोरों को बाद में छोड़ दिया गया। जिसके चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं।