मितौली थाना क्षेत्र के गांव लल्हौआ में बदमाशों का तांडव
दहशत फैलाने के इरादे से तमंचे से फायर किया
अमर उजाला ब्यूरो
मितौली। थाना क्षेत्र के गांव लल्हौआ में छह सशस्त्र बदमाशों ने एक घर पर धावा बोल दिया और लूटपाट करने लगे। बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर गृहस्वामी को धारदार हथियार से प्रहार कर जख्मी कर दिया। इसके बाद लाखों की जेवर और नगदी लूटकर फायर करते हुए फरार हो गए। गंभीर हालत में गृहस्वामी को लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है पर अभी एक भी बदमाश का सुराग नहीं लगा है।
थाना क्षेत्र के ग्राम लल्हौआ निवासी रामप्रकाश शनिवार रात्रि में अपने खेत पर गए हुए थे और उनकी पत्नी सीतापुर गई हुई थी। घर पर बच्चे अकेले छत के ऊपर सो रहे थे। आधी रात को सशस्त्र बदमाशों के गिरोह ने धावा बोल दिया और घर में रखी डेढ़ तोला सोने की चैन, छह अंगूठी, सोने की कमर का बिछुवा, सोने की झुमकी, एक जोड़ी झाले, चांदी के कांटे, मंगलसूत्र, सोने की दो मोहर और 20 हजार रुपये नगद लूट लिया। बताते हैं रामप्रकाश के बड़े भाई मुन्नालाल के घर में छत पर उनकी मां सोई हुईं थी, जिसके कारण जीने का दरवाजा खुला होने से बदमाश आराम से घर में घुस गए और कमरे के अंदर जा पहुंचे। इसी बीच बदमाशों की आहट पर परिवार के लोग जाग गए। परिवार वालों ने बताया कि कमरे के बाहर दो बदमाशों को देखकर विरोध करने पर उन्होंने धारदार हथियार से गृहस्वामी रामप्रकाश के सिर पर प्रहार कर दिया। तभी गृहस्वामी की पत्नी मीना देवी भी बाहर आ गई और अपने पति को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया, इसी बीच दूसरे बदमाश ने फ ायर झोंक दिया, जिससे मुन्नालाल बाल-बाल बच गए। जिसके बाद बदमाशों ने मुन्नालाल पर धारदार हथियारों और डंडों से प्रहार कर उसे जख्मी कर दिया। बदमाशों व परिवार के लोगों की हाथापाई के बीच मुन्नालाल की पत्नी मीनादेवी को भी चोटे आईं। भागते समय बदमाशों की लुंगी वहीं छूट गई। घटना की सूचना मिलने पर एसआई एबी सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से तहरीर ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। एसओ मितौली महेंद्र्र प्रताप का कहना है कि इस मामले में जल्द ही पुलिस बदमाशों का सुराग लगा लेगी।
00000
00000
घर में घुसकर सामान ले गए
निघासन। झंडी पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव भंगइया चाट में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। एक घर में गृहस्वामी के जाग जाने से चोर चोरी करने में नाकाम रहे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
गांव भंगइया चाट निवासी मंगू के घर में एक मई को शादी थी। शादी के तीसरे दिन घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर घर में रखी कार की चार तथा ट्रैक्टर की दो बैट्रियां, पांच मोबाइल, बर्तन, कपड़ा आदि सामान चुरा लिया। एक चोर घर के कपड़े लेकर जा रहा था कि इसी बीच घर की एक महिला की आंख खुल गई। महिला ने घर का सदस्य समझकर उससे सामान ले जाने के बाबत पूछा। चोर आवाज सुनकर भागते हुए घर से निकलकर पड़ोस के खेत में जा छिपा। महिला ने परिवार वालों को जगाया। तब तक चोर भाग चुके थे। इसके बाद इसी गांव के भाजपा नेता बनवारी लाल यादव के घर की दीवार फांदकर घुसे चोरों ने घर के अंदर से लगी मेन दरवाजे की कुंडी खोलकर घर में रखे कपड़े, बर्तन आदि सामान चुरा लिया। उसके बाद गांव के ही द्वारिका के घर में चोर घुसने का प्रयास कर ही रहे थे कि इसी बीच गृहस्वामी की आंख खुल गई और चोर भाग खड़े हुए।
इधर, गांव झंडी में चांद मियां के घर में घुसे चोरों ने कपड़ा, बर्तन आदि सामान चुरा लिया। पीड़ितों ने घटना की सूचना झंडी पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
00000
दिनदहाड़े नगदी, जेवरात उड़ाया
पलियाकलां। शहर के मोहल्ला काकूपुरियान के एक घर से चोरों ने दिन दहाड़े नगदी और जेवरात समेत हजारों रुपये का माल पार कर दिया। चोरी की सूचना पुलिस को दे दी गई है, लेकिन पुलिस न तो मौके पर पहुंची है और न ही उसने मुकदमा दर्ज किया है।
शहर के मोहल्ला काकूपुरियान निवासी अंकित दीक्षित के घर से शनिवार की दोपहर चोरों ने ऊपर के कमरे में घुस कर भीतर सूटकेस, बक्सों में रखे सोने, चांदी के जेवर समेत करीब 30 हजार रुपये चुरा ले गए। दिन दहाड़े चोरी की इस घटना ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। पीड़ित ने पड़ोस में कार्य कर रहे लेबरों पर शंका जाहिर की है। सूचना के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इससे लोगों में रोष है।