अधिकारी मौके पर पहुंचे
भूपतिपुर खीरी। नीमगांव थाना क्षेत्र में रविवार के दिन राष्ट्रीय पक्षी मोर का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। वन विभाग के मुताबिक, मोर का शव काफी पुराना है। शव देखकर लगता है कि उसे कुत्तों ने नोचा होगा। सूचना पर वन विभाग के अधिकारियों ने मौका मुआयना किया।
थाना क्षेत्र भूपतिपुर के मजरा ढखिया मदन गांव के पश्चिम राष्ट्रीय पक्षी मोर का शव रविवार की सुबह कृष्णा वाजपेयी के गन्ने के खेत में उस समय देखा गया जब कृष्णा बाजपेई अपना गन्ना छिलवाने के लिए अन्य लोगों के साथ खेत गये। कृष्णा के मुताबिक, खेत में मोर के पंख और खून से सने अवशेष पडे़ थे। इसकी सूचना गांव पहुंची तो ग्रामीण एकत्र हो गए। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई, लेकिन काफी देर बाद रेंजर अंकेश श्रीवास्तव, वन दरोगा एसबी सिंह और रविकांत वर्मा मौके पर पहुंचे और मौका-मुआयना किया। रेंजर के मुताबिक, शव चार दिन पुराना है। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि उसे कुत्ते द्वारा नोचकर मार डाला गया है।