फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजुआ में तमंचा दिखाकर किसान से 70 हजार लूटे

Sat, 15 Feb 2014 05:44 AM IST
Lakhimpur
विज्ञापन
विज्ञापन
बिजुआ। भीरा थाना क्षेत्र के गुलरिया गांव में बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे किसान से बाइक सवार दो युवकों ने तमंचा दिखाकर 70 हजार रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देकर आरोपी युवक बाइक से फरार हो गए।
विज्ञापन

भीरा थाना और पुलिस चौकी बिजुआ क्षेत्र के जंगलीनाथ गांव निवासी नन्हे सिंह पुत्र जालिम सिंह गुलरिया स्थित भारतीय स्टेट बैंक से शुक्रवार को करीब एक बजे के बाद किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खाते से 70 हजार रुपये निकालकर रुद्रपुर गांव होते हुए जंगलीनाथ जा रहे थे। नन्हे सिंह जैसे ही रुद्रपुर गांव के मोड़ के पास पहुंचे, तभी सड़क किनारे बाइक लेकर खड़े दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।
नन्हे सिंह के मुताबिक दोनों युवक मुंह पर कपड़ा बांधे थे, एक युवक ने चादर ओढ़ रखी थी। नन्हे सिंह के रुकते ही एक युवक ने उनकी गर्दन पर तमंचा रख दिया और दूसरे ने सीने से तमंचा लगा कर बैंक से निकाले गए 70 हजार रुपये लूट लिए। दोनों बदमाश वारदात को अंजाम देकर रुद्र्रपुर गांव की ओर फरार हो गए। नन्हे ने गुलरिया वापस आकर लोगों को घटना बताई।
विज्ञापन

लूट की घटना की सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज बिजुआ शेषनरायन पांडेय ने नन्हे के साथ बैंक जाकर सीसीटीवी से फुटेज देख कर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की। दिनदहाड़े हुई वारदात की खबर मिलते ही इंस्पेक्टर भीरा डीके उपाध्याय ने वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी, पर कोई हत्थे नहीं लगा।

कुछ इसी अंदाज में पहले भी हो चुकी हैं वारदात
बिजुआ। गोला कोतवाली क्षेत्र के मूड़ासवारान स्थित यूपी इलाहाबाद ग्रामीण बैंक से 13 जनवरी को एक लाख रुपये लेकर घर जा रहे किसान सुखबीर सिंह से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा भीरा थाना क्षेत्र में कई अन्य घटनाएं भी आज तक खुलासे की राह ताक रही हैं।
इसी प्रकार पड़रिया तुला बैंक से साल 2009 में मुड़िया हेमसिंह गांव के धनीराम के निकाले गए इंदिरा आवास के रुपये बदमाशों ने लूट लिए थे, वहीं इसी बैंक से 26 हजार रुपये की इंदिंरा आवास की किस्त लेकर जा रहे किसान से भी बाइक सवार बदमाशों ने लूट की थी। बीते वर्ष फूलचंद्र निवासी पहाड़ापुर से 30 हजार रुपये बाइक सवार लुटेरों ने लूट लिए थे। शुक्रवार को जिस स्थान पर नन्हे सिंह से लूट की घटना हुई, इसी स्थान पर कुछ माह पहले रुद्रपुर निवासी प्रकाश से भी 15 हजार रुपये लूटे गए थे। हालांकि इन घटनाओं में कुछ मामले लूट में दर्ज किए गए और कुछ मामले छिनैती में। बहरहाल सभी मामलों में बाइक सवार बदमाशों का बैंक से निकले किसानों को निशाना बनाया जाना साबित करता है कि बदमाश बैंक से ही पीछे लग जाते हैं, या फिर इनके कोई साथी बैंक में मौजूद रहकर दूसरे साथियों को पूरी जानकारी देते रहते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें