पति की डांट से क्षुब्ध होकर उठाया कदम
लखीमपुर खीरी। कोतवाली सदर क्षेत्र में पति की डांट से क्षुब्ध एक विवाहिता ने खुद को घर के अंदर बंद कर आत्मदाह कर लिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम मिदनियांगढ़ी निवासी मजदूरी पेशा श्याम जी शुक्रवार की सुबह किसी कार्य से बाहर जाने के लिए तैयार हुए, लेकिन खाना बनने में कुछ देर लग गई। इस बात को लेकर उनकी पत्नी सिद्धोदेवी (30) से कहासुनी हो गई। शाम को घर आने के बाद श्याम जी एक तिलक समारोह में भाग लेने चले गए। बताया जाता है कि इसी बीच रात करीब 10 बजे उनकी पत्नी ने अपने को घर के अंदर बंद कर लिया तथा मिट्टी तेल छिड़क आग लगा ली। सूचना पर मृतका का पति व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो वहां सिद्धोदेवी का जला शव पड़ा मिला। घर के अंदर का सामान भी जल रहा था। आग बुझाने के साथ पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका का विवाह करीब 14 साल पहले श्यामजी से हुआ था। वह कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम रुकनापुर निवासी कुंज बिहारी की पुत्री है तथा उसका एक आठ साल का पुत्र भी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।