धौरहरा तथा मितौली थाना क्षेत्र में हुईं घटनाएं
लखीमपुर खीरी। जिले में चोरी और लूट की वारदातों पर अंकुश लगाने में पुलिस नाकाम रही है तो घटनाओं का खुलासा करने में भी पुलिस सफल नहीं हो पा रही है। इससे अपराधियाें के हौसले बुलंद हैं। आए-दिन चोरी की वारदातें थम नहीं रहीं है। शुक्रवार की रात चोरों ने पांच घरों से लाखों का माल चोरी कर लिया।
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के गांव नैनापुर निवासी बीडीसी मनोज मौर्या के घर से चोरों ने 30 हजार की नगदी, तीन अलमारियों के लाकर तोड़कर तीन लाख के जेवरात, बर्तन कपड़े आदि कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के समय परिवार के सदस्य छत पर लेटे थे। शनिवार सुबह गृहस्वामी को घटना की जानकारी हुई। इसी गांव के जगदीश वैद्य के घर के जर्जर दरवाजे को तोड़कर घर में घुसे चोरों ने मोबाइल समेत करीब 50 हजार का सामान चोरी कर लिया। दोनों ही मामलों में गृहस्वामियों ने पुलिस को तहरीर दी है।
कस्ता। मितौली थाना क्षेत्र के गांव कानाखेड़ा निवासी शिवकुमार गौतम के घर की दीवार से चढ़कर चोर अंदर घुस गए। उस समय परिवार के सदस्य छत पर सो रहे थे। इस दौरान चोरों ने घर के कमरों को खंगालते हुए छह हजार नगद, 25 हजार कीमत के जेवर, पीतल के बर्तन और बाइक के कागज चोरी कर लिए। घटना की जानकारी होने पर गृहस्वामी ने पुलिस को तहरीर दी है। अजान। हैदराबाद थाना क्षेत्र की अजान पुलिस चौकी अंतर्गत मार्केट में चोरी का सिलसिला रुक नहीं रहा है। शुक्रवार की रात चोरों ने दो घरों से 20 हजार की नगदी समेत हजारों के आभूषण चोरी कर लिए तथा मार्केट में ही दो जगह चोरी का प्रयास किया लेकिन पड़ोसियों के जागने से चोर भाग गए।
शुक्रवार की रात अजान मार्केट निवासी पृथ्वीपाल वर्मा एक आयोजन में गए थे। घर पर उनकी पत्नी अकेली थी। मौका पाकर चोर खिड़की की कुंडी तोड़ कर घर में घुस गए और वहां से 10 हजार रुपयों सहित सोने-चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, मंगलसूत्र, चेन आदि चुरा ले गए। वहीं मार्केट में ही श्याम लाल प्रजापति के मकान में भी चोरों ने चोरी की तथा घर में रखे चार हजार रुपये सहित सोने चांदी के आभूषण चुरा ले गए। इससे पहले भी श्यामलाल के यहां चोरी हो चुकी है लेकिन कार्रवाई न होने से चोरों के हौसले बुलंद है। चोरों ने डालचंद और राजाराम के घर में भी चोरी का प्रयास किया लेकिन पड़ोसियों के जागने पर चोर भाग गए। सूचना पुलिस को दे दी गई है।
इसके पहले भी चोरों ने स्थानीय मार्केट में यूनुस बैटरी सर्विस, कनौजिया लाइट हाउस तथा डालचंद के मकान में चोरी की थी लेकिन पुलिस किसी भी चोरी की घटना का खुलासा नहीं कर सकी। मार्केट में हो रही चोरियों से स्थानीय दुकानदारों तथा निवासियों में दहशत है।