विरोध करने पर बदमाशों ने किया फायर
पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पलियाकलां। पीलीभीत जिले की पूरनपुर तहसील से यहां आए दो पशु व्यापारियों को झांसा देकर कुछ लोगों ने उनके 1.34 लाख रुपये ठग लिए। व्यापारियों के रुपये वापस देने की मिन्नत करने पर बदमाशों ने फायर कर दहशत फैलाई। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज किया है।
पूरनपुर के मोहल्ला साहूकारा निवासी मल्लू पुत्र शब्बीर और फिरोज पुत्र रईश पलिया के ग्राम बोझवा की बाजार में पशु खरीदने आए थे। आरोप है कि यहां अतरिया निवासी कुछ लोगों ने उनसे अच्छे जानवर खरीद कर देने की बात कही और उनको कुछ पशु दिखाए। उन्होंने कई पशुओं का सौदा भी हाथ के हाथ करवा दिया। उन लोगों ने पशु व्यापारियों से 1.34 लाख रुपये भी ले लिए। बाद में जब व्यापारी पशु लेने पहुंचे तो वहां पहले दिखाए गए पशु थे ही नहीं। व्यापारियों ने इसे धोखाधड़ी बताते हुए रुपये वापस देने की मांग की तो आरोप है कि इससे वह लोग गुस्सा हो गए और तमंचा निकाल कर फायर तो किया ही साथ ही उनको धमकाया भी। पुलिस ने व्यापारियों की तहरीर पर अतरिया निवासी खुर्शीद पुत्र सिकंदर, खुसरो पुत्र गामा, सद्दाम पुत्र अच्छे, ताबिद पुत्र सिकंदर, मुनीर पुत्र रुस्तम के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज किया है।