पुलिस ने मामला शांत कराकर कराए फेरे
निघासन। क्षेत्र के गांव बंजारन टांडा में द्वारचार के दौरान चावल तथा फुहारा छोड़ने को लेकर लड़का तथा लड़की पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। काफी हाथापाई के बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। देर शाम समझाबुझाकर विवाह हो सका।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र के गांव बंजारन टांडा निवासी प्रेम सिंह की पुत्री रेखा का विवाह भीरा थाना क्षेत्र के गांव लालू टांडा निवासी राजबहादुर के पुत्र गुड्डू से तय हुआ था। मंगलवार दोपहर करीब ग्यारह बजे बारात लेकर द्वारचार के लिए बराती प्रेम सिंह के दरवाजे पर पहुंचे। वहां पर द्वारचार का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी बीच लड़की पक्ष के लोगों ने चावल आदि बरातियों पर फेंकना शुरू कर दिए। बाराती भी उन चावलों के बदले फुहारा छोड़ने लगे। आरोप है कि कुछ बाराती महिलाओं के बीच में घुसकर जबरन फुहारा डालने लगे। यह बात लड़की पक्ष के लोगों को नागवार गुजरी, उन्होंने इसका विरोध किया। इस पर बाराती उग्र हो गए और मारपीट होने लगी। मारपीट के दौरान लड़की के भाई छोटू को चोटें आईं। काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। उसके बाद थाने से पहुंचे सिपाही उपदेश यादव तथा राजेश कुमार ने किसी तरह मामले को शांत कराया।