लघु एवं सीमांत किसानों को भारत/राज्य सरकार देगी अनुदान
75 पंप लगाने का लक्ष्य निर्धारित
सिटी रिपोर्टर
लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना और उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा विकास अभिकरण (नेडा) के संयुक्त प्रयासों से खेतों की सिंचाई के लिए सोलर फोटोवोल्टाइक पंप लगाए जाएंगे। जिले में लघु एवं सीमांत किसानों के खेतों पर 1800 वाट (दो एचपी) के 75 सोलर पंप लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस परियोजना के लिए किसानों का चयन करने समेत क्रियान्वयन के लिए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
अभी तक खेतों की सिंचाई के लिए स्थापित नलकूपों के संचालन में बिजली समस्या बनी हुई है। तो डीजल के मूल्यों में हो रही वृद्घि की समस्या है। वहीं नहरों के माध्यम से जलभराव एवं अत्यधिक सिंचाई होने के कारण जमीन में क्षारीय लवणों की मात्रा बढ़ रही है। इन्हीं समस्याओं के मद्देनजर सरकार ने राष्ट्रीय सोलर मिशन के तहत सोलर पीवी पंप केंद्रीय अनुदान पर किसानों को मुहैया कराने का निर्णय लिया है। 1800 वाट क्षमता के सोलर पंप पर केवल लघु एवं सीमांत किसानों को अनुदान धनराशि संयत्र की कीमत का अधिकतम 75 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। परियोजना का क्रियान्वयन कृषि विभाग एवं नेडा द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। डीएम के मुताबिक जिले की सभी 15 ब्लाकों में पांच-पांच सोलर पंप स्थापित कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 92.81 लाख का बजट मिला है। किसान संबंधित ब्लाक पर खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से प्रारूप पर फार्म उप कृषि निदेशक कार्यालय में जमा करेंगे।