पालिकाध्यक्ष ने कहा कि उपभोक्ताओं नहीं होने दी जाएगी परेशानी
पलियाकलां। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी ने नगर के जनरेटर संचालकों को नोटिस भेजकर तत्काल जनरेटर का संचालन बंद करने को कहा है अन्यथा उनके विरुद्ध म्यूनिसिपल एक्ट 1916 के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
जनरेटर संचालकों को दिए गए नोटिस में कहा गया है कि नगर में जनरेटर चलाकर प्रदूषण फैलाया जा रहा है जिससे जन स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। जो जनहित के विरुद्ध एवं गैर कानूनी है। अत: नोटिस प्राप्ति के उपरांत तत्काल जनरेटर बंद कर दें अन्यथा एफआईआर दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, नोटिस प्राप्त होते ही नगर के सभी जनरेटर संचालकों में हड़कंप मच गया और उन्होंने जनरेटर बंद कर दिए। इसके बाद उपभोक्ताओं के फोन घनघनाना शुरू हो गए। इस संदर्भ में नगर पालिका अध्यक्ष केबी गुप्ता ने बताया कि नगर के मो. रंगरेजान निवासी विजय गुप्ता ने तहसील दिवस में इस संदर्भ की कोई शिकायत की थी जिस पर कार्रवाई करते हुए उपजिलाधिकारी ने नगर पालिका को निर्देशित किया। बात चल रही है मामला सुलटने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि नगर वासियों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।