लखीमपुर खीरी। ग्राम छाउछ में मध्याह्न भोजन बनाते समय गैस लीक होने से आग लग गई। इसे बुझाने के चक्कर में रसोइया की बेटी भी आग की चपेट में आकर झुलस गई। वहां मौजूद प्रधानाध्यापक और अन्य लोगों ने आग पर काबू पाया उपचार के बाद बालिका अब ठीक है।
नगर के छाउछ प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को रसोइया मायादेवी कुछ अस्वस्थ थी इसलिए उसकी बेटी प्रीति मध्याह्न भोजन बनाने आ गई। इस दौरान पाइप से गैस लीक होने के कारण आग लग गई। यह देख प्रीति ने आग बुझाने का प्रयास किया तो उसके दुपट्टे में आग लग गई। दुपट्टे की आग बुझाने के चक्कर में प्रीति के हाथ झुलस गए। यह देख प्रधानाध्यापक अंजुमआरा सिद्दीकी ने अन्य लोगों को बुलाया और आग बुझाई इसके बाद डॉक्टर को बुलाकर प्रीति का उपचार कराया। प्रधानाध्यापक की सक्रियता से बड़ी घटना होने से टल गई। उपचार के बाद प्रीति की हालत ठीक है। सूचना मिलने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।