लखीमपुर मार्ग पर बाइक की टक्कर से हुई घटना, आरोपी बंदी
गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर मार्ग पर बाइक की टक्कर से रविवार देर शाम एक कांवरिया किशोरी की मौत हो गई। इससे उत्तेजित कावरियों ने जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों व पुलिस बल ने बमुश्किल से जाम खुलवाया।
ईसानगर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसी बागपुरवा निवासी खूबलाल की 14 वर्षीय पुत्री नेमकुमारी उर्फ नेमा परिजनों संग कांवर लेकर शाम को गोला आ रही थी। लखीमपुर मार्ग पर कुनैठिया गांव के पास गोला से जलालपुर बाजार जा रहे एक व्यापारी की मोबाइक की चपेट में आकर नेमा सड़क पर गिर गई। जिससे उसे गंभीर चोटें आई। साथ चल रहे कांवरिये उसे पड़ोस में ही निजी चिकित्सक के यहां ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बाद में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लखीमपुर ला रहे थे कि उसकी रास्ते में मौत हो गई। यह खबर मिलते ही आक्रोशित कांवरियों ने जाम लगा दिया। जिसके चलते संबंधित मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर एडीशनल एसपी सौमित्र यादव, एसडीएम एसपी सिंह, सीओ टीपी सिंह, कोतवाल एके सिंह, हैदराबाद एसओ देवेश शर्मा, फरधान थानाध्यक्ष सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिन्होंने समझा बुझाकर जाम खुलवाकर यातायात शुरू करवाया। पुलिस ने बाइक चालक को हिरासत में लेने का दावा किया है।