लखीमपुर खीरी। नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही लागू आचार संहिता का पालन कराने को जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। एसडीएम राजेंद्र यादव के नेतृत्व में सोमवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर संभावित उम्मीदवारों के होर्डिंग हटवाए। प्रशासन के इस अभियान से अधिसूचना जारी होने के बाद अथवा चंद रोज पहले प्रचार के लिए शहर में होर्डिग्स लगवाने वाले करीब आधा दर्जन संभावित उम्मीदवारों को करारा झटका लगा है।
आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही निकाय चुनाव को शांति व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। डीएम ने एक दिन पहले ही सभी एसडीएम, सीओ तथा थानाध्यक्षों को सार्वजनिक स्थानों पर लगी होर्डिग्स को हटवाने के निर्देश दिए थे। जिसके अनुपालन में आज एसडीएम सदर राजेंद्र प्रसाद यादव आज नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों तथा पर्याप्त पुलिस बल लेकर शहर में निकल पड़े। अभियान के पहले दिन आज उन्होंने कलक्ट्रेट के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर लगी होर्डिग्स को जेसीवी तथा नगर पालिका कर्मचारियों की मदद हटवा दिया। एसडीएम ने बताया कि आचार संहिता लागू होने के साथ ही सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों को निर्देश जारी कर उनसे सार्वजनिक स्थानों पर प्रत्याशियों अथवा निकाय चुनाव से संबंधित होर्डिंग न लगाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने संभावित उम्मीदवारों से भी आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने को कहा है। एसडीएम ने बताया कि अब प्रतिदिन शहर के सार्वजनिक स्थानों पर लगी होर्डिंग हटवाने को अभियान चलाया जाएगा।