लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश अनुबंधित बस ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बुधवार को कोतवाली प्रभारी को ज्ञापन देकर रोडवेज के निकट से निजी वाहनों के सवारियों भरने पर अंकुश लगाने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि लखीमपुर डिपो से उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में 45 अनुबंधित बसें चलती हैं। संचालित सभी बसों के अनुबंधित होने के कारण उनकी आय भी निर्धारित है, लेकिन बस स्टेशन के दोनों गेटों से अनाधिकृत रूप से निजी वाहन सवारियां भरते हैं, जिससे रोडवेज की आय प्रभावित होने के साथ ही सरकारी राजस्व की भी हानि हो रही है। ज्ञापन में इस पर अंकुश लगाने की मांग की गई है।
ज्ञापन पर अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह राना, रामकिशोर मिश्रा, डॉ. राकेश शर्मा, रीतेश श्रीवास्तव, वकील अहमद आदि के हस्ताक्षर हैं।