फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ताबड़तोड़ वारदातों से सहमे लोग

Wed, 03 Dec 2014 05:31 AM IST
Lakhimpur
विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। जिले में सोमवार को आधी रात के बाद से मंगलवार की दोपहर बाद 14 घंटे के अंतराल में अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुईं लूट की वारदातों से लोग सहम गए। मंगलवार को बैंक से कैश लेकर जा रहे कोल्ड स्टोरेज के मुनीम की डिग्गी से मंगलवार दोपहर में जाम का फायदा उठाते हुए चार लाख रुपये निकाल लिए गए। इस घटना से कुछ देर पहले ही थाना मैगलगंज क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीतापुर जाने के लिए वाहन के इंतजार में खड़ी महिला को बोलेरो सवार लोगों ने लूट लिया। हालांकि थाना मैगलगंज की इसे पुलिस बार्डर स्थित हरदोई जिले की घटना बता रही है, जबकि हरदोई की जहांनीखेड़ा चौकी पुलिस घटना को मैगलगंज की बता रही है। उधर सोमवार की देर शाम ओयल इलाके में सरेशाम पिता-पुत्र समेत तीन लोगों से लूटपाट की गई। इसके अलावा सोमवार को आधी रात के बाद सिंगाही और तिकुनियां के तीन घरों से लाखों का सामान पार कर दिया गया।
विज्ञापन

--
घटना एक
02 एलकेएचपीएच 7
बाइक की डिग्गी से चार लाख गायब
लखीमपुर। महालक्ष्मी राइस मिल और कोल्ड स्टोरेज के मुनीम सुनील शुक्ला निवासी जिला सीतापुर मंगलवार की दोपहर कचहरी रोड स्थित इलाहाबाद बैंक से चार लाख रुपये निकालकर मिल जा रहे थे। मुनीम सुनील के मुताबिक उन्होंने नगदी अपनी बाइक की डिग्गी में रखी थी। सदर चौराहे पर पहुंचने पर वह जाम में फंस गए और उसके बाद जैसे ही सीतापुर रेलवे क्रासिंग पर पहुंचे तो बाइक की डिग्गी खड़खड़ाने लगी। इस पर सुनील ने पीछे मुड़कर देखा तो डिग्गी खुली थी, लेकिन उसमें रखी नगदी गायब थी। मुनीम ने तत्काल मामले की सूचना राइस मिलर संजय अग्रवाल और कोतवाली पहुंचकर पुलिस को दी। मुनीम की शिकायत पर देर शाम तक रिपोर्ट नहीं लिखी गई थी।
--
घटना दो
पिता-पुत्र समेत तीन को लूटा
ओयल। खीरी थाना क्षेत्र के गांव खानपुर गुरैला निवासी दिनेश तिवारी उर्फ टुन्ना, उनका पुत्र आयुश (12) और गांव के ही सर्वेश सिंह सोमवार की देर शाम करीब आठ बजे बाइक से खागी ओयल तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। दोनों गांवों के बीच रास्ते में गन्ने कर ढेर लगा कर बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और तमंचा दिखाकर तलाशी ली। बदमाशों ने दिनेश के पास से दो मोबाइल, 315 बोर की पांच कारतूस और 320 रुपये छीन लिए जबकि सर्वेश से 90 रुपये की नगदी छीन ली। दिनेश की तहरीर पर पुलिस ने अभी रिपोर्ट नहीं लिखी है। --
विज्ञापन

घटना तीन
हाईवे पर महिला को लूटा
मैगलगंज। हरदोई जिले की जहांनीखेड़ा पुलिस चौकी के पास शाहजहांपुर की तरफ से बोलेरो में आए लोगों ने सीतापुर निवासी सुमन देवी को लिफ्ट देने के बाद मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव चपरतला के पास लूट लिया। इसके बाद उसे वाहन से उतारकर भाग गए। सुमन देवी के अनुसार वह सीतापुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इस बीच एक बोलेरो आकर रुकी तो उसमें सवार हो गई। बोलेरो मेें एक अन्य महिला समेत पांच लोग सवार थे। मैगलगंज थाना क्षेत्र के चपरतला गांव के पास पहुंचते ही उन लोगों ने तमंचे के बल पर उसके गले में पड़ी सोने की चेन और कान के कुंडल आदि जेवर लूट लिए। इसके बाद बदमाश बोलेरो फिर जहांनीखेड़ा की ओर ले गए और सुनसान स्थान पर गाड़ी धीमी कर धक्का देकर भाग गए। महिला का आरोप है कि जहांनीखेड़ा (हरदोई) और मैगलगंज (खीरी) पुलिस दूसरे का क्षेत्र बताकर पल्ला झाड़ रही है। हालांकि मैगलगंज एसओ आनंद शाही ने घटनास्थल हरदोई का ही बताया है। उधर महिला की शिकायत पर जहांनीखेड़ा पुलिस ने एक संदिग्ध बोलेरो की तलाशी ली लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इस बाबत प्रभारी चौकी इंचार्ज जहांनीखेड़ा एमपी सिंह ने महिला के साथ हुई वारदात को स्वीकार किया लेकिन घटनास्थल लखीमपुर का बताया है। फिलहाल सुमन की रिपोर्ट किसी ने दर्ज नहीं की है।
--
घटना चार
02टीकेएन 01,02
सिंगाही-तिकुनियां के तीन गांवों में लूटपाट
बेलरायां/सिंगाही। सिंगाही और तिकुनियां थाना क्षेत्र के अलग-अलग तीन गांवों में गल्ला व्यापारी समेत तीन घरों में आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला। परिवार वालों को बंधक बनाकर 63 हजार की नगदी समेत करीब चार लाख का माल लूट लिया। गांव मथुरा पुरवा निवासी रामबहादुर वर्मा गल्ला व्यापारी हैं। सोमवार की रात घर के बाहर बनी गोशाला में सो रहे थे। चारदीवारी फांदकर एक बदमाश घर में दाखिल हो गया और मुख्य द्वार का दरवाजा खोल दिया। बाकी बदमाश दरवाजे से आ गए। बदमाशों ने बरामदे में सो रही रामबहादुर की पत्नी सुमन और उनके बेटे कौशल तथा पुत्री नीलम को बंधक बनाकर घर में रखी 35,000 नगदी, करीब एक किलो चांदी, सोने के झाले, कुंडल, कान के टाप्स, बाली, पांच गले के पैंडल समेत लाखों रुपये का सामान उठा ले गए। बदमाशों ने कौशल और नीलम से शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। उधर दरहेटी निवासी रामस्वरूप के घर में दीवार फांदकर घुसे बदमाशों ने परिवार वालों को बंधक बनाकर घर में रखी 25,000 की नगदी, सोने के कुंडल, मटर माला, झुमकी आदि सामान लूट ले गए। उधर कोतवाली तिकुनियां के गांव भेड़ौरी निवासी रामबिलास के निर्माणाधीन मकान में घुसकर बदमाशों ने परिवार वालों को बंधक बनाकर तीन सौ रुपये नगदी, चार चांदी के सिक्के, दो चांदी की चूड़ी आदि सामान लूट ले गए। सीओ और एसओ ने मथुरा पुरवा गांव में घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
--------
कोट....
लूट की वारदातों की सूचना मिली है। स्थानीय थाना पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है। साथ ही संदिग्धाें की तलाश में छापेमारी की जा रही है। रात में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन

-अरविंद सेन, एसपी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें