- कहा, हर महीने राष्ट्रपति को भेजते हैं हालात की रिपोर्ट
- बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए ऊर्जा मंत्री से की है चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। राज्यपाल राम नाइक ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर एक बार फिर चिंता जताते हुए कहा कि इस मसले पर उनकी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लगातार बातचीत होती है। उन्होंने बताया कि वह प्रदेश के हालात पर हर महीने राष्ट्रपति को रिपोर्ट भेजकर सुधार के प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश में बिजली संकट पर राज्यपाल ने कहा कि कि इस मसले पर सुधार के लिए प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के बीच मिलजुल कर चर्चा होनी चाहिए।
राज्यपाल पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मेधावी विद्यार्थी अलंकरण समारोह के बाद पत्रकारों से रूबरू थे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि सूबे में बिजली सप्लाई को लेकर कठिनाइयां ज्यादा हैं। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल से चर्चा की और कहा कि यह भारत और पाकिस्तान का मामला नहीं है। उन्होंने प्रदेश की शिक्षा में कैंसर बताया और कहा कि वह इसके सुधार का प्रयास कर रहे हैं।