तमंचा लेकर भागकर रहे शातिर बदमाश को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा, चार भागने में कामयाब
पुलिस की पूछताछ में बदमाशों के साथियों के नामों का खुलासा
लखीमपुर खीरी। शहर के एलआरपी चौराहे पर स्थित फाइनेंस कंपनी अवस्थी इंटरप्राइजेज में फाइनेंस कराने के बहाने पहुंचकर बाइक सवार पांच बदमाशों ने दिनदहाड़े कंपनी संचालक अजय अवस्थी निवासी मोहल्ला वाजपेयी कॉलोनी के पुत्र कुणाल अवस्थी पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दागीं, वह खुशकिस्मत रहे कि उन्हें कोई गोली नहीं लगी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों और कंपनी मैनेजर ने भाग रहे बदमाशों में एक को दबोच लिया, उसके कब्जे से 315बोर का तमंचा और एक बाइक बरामद हुई। लोगों के हत्थे चढ़ा सिंगाही इलाके का बदमाश बेहद शातिर बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार की दोपहर करीब एक बजे दो बाइकों पर सवार पांच सशस्त्र बदमाश अवस्थी इंटरप्राइजेज पर पहुंचे और वहां बैठे कुणाल से फाइनेंस संबंधी बात शुरू की, इसी बीच बदमाशों ने तमंचा निकालकर ताबड़तोड़ तीन गोलियां बरसाईं। इस बीच मैनेजर पंकज शुक्ला किसी तरह बचाव कर बदमाशों से भिड़ गया। इधर फाइनेंस कंपनी में फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी आ गए और भाग रहे बदमाशों में एक को दबोच लिया। पकड़ा गया बदमाश थाना सिंगाही क्षेत्र के मोहल्ला झाला का रहने वाला बताया जा रहा है। बदमाश से पूछताछ में पता चला है कि फरार हुए चार युवकों में एक धौरहरा कस्बे और तीन सिंगाही क्षेत्र के रहने वाले हैं। पीड़ित परिवार वालों का कहना है कि बदमाशों ने हत्या के इरादे से कंपनी में घुसकर फायरिंग की है। बदमाश के पकड़े जाने पर सीओ सिटी अवनीश्वर चंद श्रीवास्तव और शहर कोतवाल प्रबल प्रताप सिंह पहले घटनास्थल और बाद में एलआरपी पुलिस चौकी पहुंचे और बदमाश के साथियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें भेजीं।
पुलिस ने पूरे मामले की तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
0000000000000000000
पुलिस वैन की जाली काटकर फरार हो चुका है बदमाश
पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश वर्ष 2011 में लखनऊ से पेशी से लौटते वक्त ओयल के पास पुलिस वैन की जाली काटकर फरार हो गया था। हालांकि फरारी के कई महीनों बाद वह दोबारा पकड़ा गया था। पूछताछ में पता चला है कि बदमाश पिछले आठ महीने से हिमाचल प्रदेश में रह रहा था, हाल में ही वह खीरी लौटा था।