बदमाशों और गांव वालों के बीच जमकर हुई फायरिंग
डकैती की घटना पुलिस ने चोरी में दर्ज की
मैगलगंज। क्षेत्र के रामपुर रामदास गांव में शुक्रवार की रात गांव की महिला प्रधान ममता अवस्थी के घर लूटपाट के दौरान गांव वालों और बदमाशों के बीच जमकर फायरिंग हुई। इससे रात के सन्नाटे में पूरा इलाका थर्रा गया, बदमाश महिला प्रधान के पति शिक्षामित्र संतोष अवस्थी की जमकर पिटाई करने के बाद घर से लाइसेंसी बंदूक और 50 हजार रुपये लूटकर फरार होने में सफल हो गए। घटना के करीब एक घंटे बाद मौके पर पुलिस सिर्फ खाक छानती रही। पुलिस ने डकैती की इस घटना की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की है।
बताते हैं शुक्रवार आधी रात में महिला प्रधान और उनके पति घर में सो रहे थे, तभी छत के रास्ते आधा दर्जन बदमाशों का गिरोह अंदर दाखिल हुआ, बदमाशों ने अंदर घुसते ही चारपाई पर सो रहे संतोष को असलहे दिखाकर कब्जे में कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर में लूटपाट शुरू कर दी। इस बीच जब संतोष ने विरोध किया तो डंडों से उसकी पिटाई कर दी और घर के अंदर रखी लाइसेंसी बंदूक और 50 हजार रुपये लूट लिए। इसी बीच मौका पाकर प्रधान ममता छत पर चढ़ गईं और शोर मचाने लगीं, शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और फायरिंग शुरू कर दी। गांव वालों से घिरे बदमाश संतोष को तमंचे के बल पर अपनी ढाल बनाकर मकान के बाहर तक खींच कर ले आए और गन्ने के खेत की तरफ फायरिंग करते हुए फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन देर से शुरू की गई इस कार्रवाई का कोई फायदा नहीं हुआ। सीओ मितौली मिथिलेश दीक्षित ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से जानकारी ली। पुलिस ने इस घटना को चोरी में दर्ज किया है।
00
ककरहा में भी गांववालों से हुई फायरिंग
मैगलगंज। रामपुर रामदास गांव में हुई वारदात से करीब तीन घंटा पहले बदमाशों ने ककरहा गांव के कौशलेंद्र प्रताप यादव के मकान पर धावा बोला था, लेकिन गांव के प्रवीन यादव के देख लेने के बाद हुए शोर और फायरिंग के बाद बदमाश फरार हो गए थे। बता दें कि कौशलेंद्र परिवार के साथ गोला में रहते हैं, गांव में उनका मकान बना हुआ है, रात नौ बजे के करीब इनकी छत पर आधा दर्जन बदमाश होने की आहट पाकर प्रवीन ने शोर करना शुरू कर दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। नतीजा यह हुआ कि बदमाशों को भागना पड़ा।
00
महिला प्रधान के यहां दूसरी घटना
मैगलगंज। मैगलगंज इलाके में महिला प्रधान के घर लूटपाट की यह दूसरी वारदात है, इससे पहले इलाके के हरनहा ग्राम पंचायत की प्रधान रेनू सिंह के यहां चार जुलाई की रात बदमाशों ने धावा बोलकर घर के अंदर रखी लगभग चार लाख नकदी और राइफल की मैगजीन लूट ली थी। पुलिस पहले हुई घटना का खुलासा नहीं कर पाई थी, इस घटना में भी पुलिस खाली हाथ हैं।
00
बदमाशों की आहट से दहशत
मितौली। क्षेत्र में रोज देखे जा रहे बदमाश और शुक्रवार की रात प्रधान के घर हुई डकैती से लोग दहशत में आ गए हैं। क्षेत्रीय लोगो की माने तो क्षेत्र में किसी बाहरी गैंग ने अपने पांव पसार लिए हैं। बदमाशों से लोग भयभीत हैं।