मैलानी के श्री लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज का मामला, प्रिंसिपल ने खाना लौटाया
मैलानी। श्री लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में मिड-डे मील में कीड़ा निकलने के कारण बच्चों ने खाना नहीं खाया और किसी अनहोनी की आशंका के चलते प्रिंसिपल ने खाना वापस करा दिया।
एक एनजीओ यहां छह परिषदीय और एक इंटर कॉलेज में मिड-डे मील सप्लाई करता है। श्री लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में खाना वितरित किया गया तो कक्षा सात ए की छात्रा नेहा को मिड-डे मील में दाल-चावल दिया गया। वह खाना खाने जा ही रही थी कि उसकी नजर खाने में पड़े कीड़े पर पड़ गई। उसने फौरन इसकी जानकारी प्रिंसिपल ख्याली राम को दी। खाने में पड़ा कीड़ा देख प्रिंसिपल ने फौरन खाने का वितरण रुकवा दिया और किसी अनहोनी की आशंका से उन्होंने खाना वापस कर दिया। उधर, पता चला है कि मिड-डे मील की क्वालिटी भी ठीक नहीं है। मंगलवार को मैन्यू के मुताबिक दाल-सब्जी युक्त चावल वितरित किया जाना था, लेकिन खाली दाल-चावल ही वितरित किया गया था।
00
कोट..
मिड-डे मील की क्वालिटी खराब होने की बाबत कई बार सप्लायर से कहा गया और क्वालिटी सुधारने के लिए भी कई बार हिदायत दी गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
-ख्यालीराम, प्रधानाचार्य,
श्री लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज, मैलानी।
00
मुझे अभी कोई जानकारी नहीं है। मामला संज्ञान में आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
-विनोद कुमार गौतम, खंड शिक्षा अधिकारी, बांकेगंज।