लखीमपुर खीरी। महेवागंज चौकी क्षेत्र में मंगलवार को घूमती मिली बच्ची को लोगों ने चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की सूचना पर पहुंची चाइल्ड लाइन टीम ने बच्ची को सुपुर्दगी में लेकर बाल सुधार गृह में आश्रृय दिलाया और बुधवार को घरवालों के पहुंचने पर बच्ची उनके हवाले कर दी।
चौकी प्रभारी पारसनाथ की सूचना पर पहुंची चाइल्ड लाइन टीम सदस्य रजनी मिश्रा, प्रदीप कुमार के पूछने पर बच्ची ने नाम इशिता, पिता का नाम इंद्रपाल और मम्मी का नाम जूली बताया। टीम सदस्यों ने बच्ची को सुपुर्दगी में लेकर बाल कल्याण समिति अध्यक्ष सुमित्रा यादव के निर्देश पर बाल सुधार गृह में आश्रय दिलाकर परिजनों की खोजबीन शुरू कर दी। बच्ची को खोजते चौकी पहुंचे घरवालों को पुलिस ने बच्ची की पहचान कराने के बाद चाइल्ड लाइन कार्यालय भेज दिया। इंद्रपाल ने बताया कि दिल्ली में रहकर काम करता है और महेवागंज में एक शादी समारोह में आया था। घर के बाहर खेलते खेलते अचानक इशिता लापता हो गई थी।