लखीमपुर खीरी। बसों में यात्रियों के बैग से कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को रविवार की रात सदर कोतवाली पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और एक चाकू बरामद होने का दावा किया है। एलआरपी चौकी प्रभारी की ओर से सदर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सोमवार को तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक सदर अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि लंबी दूरी की रोडवेज और प्राइवेट बसों में यात्रियों के बैग से कीमती सामान चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय था। रविवार की शाम मुखबिर की सूचना पर एलआरपी चौकी इंचार्ज जेपी यादव वे भुइयां माता मंदिर के पास मैनपुरी जिले के थाना कोरावली के गांव नगला उसर निवासी गीतम सिंह पुत्र माताराम, प्रीतम सिंह पुत्र रूप सिंह और फर्रुखाबाद के थाना मीरापुर के गांव ब्रह्मापुरी निवासी लक्ष्मण पुत्र शेर सिंह को दबोच लिया। तलाशी के दौरान गीतम सिंह के पास से एक तमंचा, कारतूस और प्रीतम सिंह के पास एक चाकू बरामद हुआ। बकौल प्रभारी निरीक्षक, आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह लोग लंबी दूरी की बसों में रात में सफर कर बैगों से कीमती सामान चोरी कर लेते हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान भेज दिया है।